गाजियाबाद: रणबीर कपूर के साथ फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर युवती से 90 लाख की ठगी, फर्जी फिल्म ऑफर के जाल में फंसाया

Must read

गाजियाबाद: रणबीर कपूर के साथ फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर युवती से 90 लाख की ठगी, फर्जी फिल्म ऑफर के जाल में फंसाय

 

गाजियाबाद। बॉलीवुड फिल्मों में हीरोइन बनाने और बड़े सितारों के साथ काम दिलाने का सपना दिखाकर एक युवती से करीब 90 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर युवती और उसके परिवार का भरोसा जीता। इसके बाद रणबीर कपूर के साथ फिल्म में काम दिलाने से लेकर कई बड़े बजट की फिल्मों में लीड रोल दिलाने का झांसा दिया। स्क्रीनिंग, रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूलता रहा। पीड़िता की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में आरोपी अमोल कोचे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित लाबोनी अपार्टमेंट निवासी अंजली कुमारी (33) के मुताबिक, दिसंबर 2024 में उनकी मां के फेसबुक अकाउंट पर अमोल कोचे नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताया और फिल्मों में काम दिलाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उसने अंजली से सीधे संपर्क कर उन्हें फिल्मी दुनिया में बड़ा मौका दिलाने का भरोसा दिया।

 

आरोपी ने रणबीर कपूर के साथ फिल्म के अलावा ‘जॉली एलएलबी-3’, ‘मुठभेड़’, ‘आशिकी-3’ और ‘द बुल’ जैसी फिल्मों में काम दिलाने का दावा किया। शुरुआत में उसने मुंबई में शूटिंग, प्रोफाइल फोटो और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के नाम पर तीन हजार रुपये मांगे। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रकम की मांग बढ़ती चली गई।

 

लीड रोल के नाम पर मांगी सिक्योरिटी और टैक्स की रकम

 

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कुछ समय बाद उन्हें फिल्म में हीरोइन के मुख्य किरदार के लिए चुने जाने की बात कही। इसके बाद सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर डेढ़ लाख रुपये मांगे। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि फिल्म पूरी होने के बाद यह रकम वापस कर दी जाएगी।

 

अपनी बातों को सच साबित करने के लिए आरोपी वीडियो कॉल करता था और कथित एग्रीमेंट भी दिखाता था। इससे युवती और उसके परिवार को उसकी बातों पर भरोसा होता चला गया। इसके बाद कभी रजिस्ट्रेशन, कभी स्क्रीनिंग तो कभी अन्य फिल्मी प्रक्रियाओं का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में पांच हजार रुपये से लेकर बड़ी रकम तक वसूली जाती रही।

 

90 लाख रुपये ठगने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

 

पीड़िता के मुताबिक, फिल्म में काम दिलाने के नाम पर आरोपी ने उनसे और उनके परिवार से करीब 90 लाख रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक फिल्म में काम मिलने का इंतजार करने के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।

 

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अमोल कोचे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article