ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 100 से अधिक चाबियां बरामद हुई हैं, जिनकी मदद से वह घरों के ताले खोलकर चोरी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 1.1 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया है।
डीसीपी रवि शंकर निम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी साहिल, निवासी अलीगढ़, को 28 जुलाई की रात सिटी पार्क, नवादा के पास से अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह मोटरसाइकिल से कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताले तोड़कर या चाबियों के गुच्छे की मदद से दरवाजे खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने हाल ही में अल्फा सेक्टर में भी एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गांजे की तस्करी में भी शामिल था। पहचान छिपाने के लिए वह अपनी मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलता था। पुलिस ने उसके पास से बरामद सोने-चांदी के जेवरों की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




