घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, तलाक के समझौते के लिए बना रहा था दबाव

Must read

ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में आधी रात घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मनु परिहार अपनी महिला रिश्तेदार और फरियादी की पत्नी के तलाक मामले में समझौता कराने का दबाव बनाने के लिए पीड़ित के घर पहुंचा था। घटना 24-25 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1:53 बजे हुई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

फरियादी हिमांशु राजपूत के अनुसार, वह परिवार के साथ सो रहे थे तभी देर रात गोलियों की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर मनु परिहार उनका नाम लेकर धमकियां दे रहा था। आरोपी ने करीब तीन मिनट के भीतर तीन राउंड फायर किए और समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

हिमांशु ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ समय बाद पत्नी शालिनी से विवाद शुरू हो गया था और दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि मनु परिहार ससुराल पक्ष की ओर से लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।

मामले की जांच के दौरान गोला का मंदिर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और अवैध हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article