गुलवीर और हरजिंदर ने दिलाया रजत, भारत के मुक्केबाजों ने भी पक्के किए मेडल

Must read

नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। इससे पहले वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने महिलाओं की 69 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। गुलवीर के सिल्वर के बाद भारत के खाते में दो गोल्ड समेत कुल 12 पदक हो गए और टीम पदक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया 35 स्वर्ण सहित 80 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में बारिश और गीले ट्रैक के बावजूद गुलवीर ने 27:49.78 मिनट का समय निकाला। इस स्पर्धा का गोल्ड ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन और ब्रॉन्ज आइल ऑफ मैन के मुल्लार्की ने जीता। वहीं हरजिंदर कौर ने स्नैच में 101 किलोग्राम वजन उठाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम उठाते हुए कुल 227 किलोग्राम के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग का स्वर्ण कनाडा की चार्लोट सिमोन्यू (240 किलोग्राम) और कांस्य ऑस्ट्रेलिया की नया फीबी हेमैन (227 किलोग्राम) ने जीता।

भारतीय बॉक्सरों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कम से कम तीन पदक पक्के कर लिए हैं। प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घांघस (60 किग्रा) और जादूमणि (55 किग्रा) ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। तीनों के मुकाबले 31 जुलाई को होंगे। बॉक्सिंग में तीसरे स्थान के लिए अलग मुकाबला नहीं होता, इसलिए सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल दिया जाता है।

अन्य मुकाबलों में वेटलिफ्टर निरुपमा देवी सेरम महिलाओं की 63 किलोग्राम स्पर्धा में क्लीन एंड जर्क के तीनों प्रयास असफल रहने के कारण पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। उन्होंने स्नैच में 93 किलोग्राम वजन उठाकर पांचवां स्थान हासिल किया था। एथलेटिक्स में विशाल टीके पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में पहुंच गए, जबकि राजेश रमेश बाहर हो गए। तैराकी में श्रीहरि नटराज ने पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि साजन प्रकाश 50 मीटर बटरफ्लाई हीट्स से बाहर हो गए। पैरा स्विमिंग में कार्तिक बुडीगिना और अली इमाम ने पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल S13 के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article