गुरुग्राम। पेपर लीक मामले को लेकर 27 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा जूस पिलाए जाने के साथ अपना अनशन समाप्त कर दिया। देर रात मेदांता अस्पताल पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने वांगचुक से मुलाकात की, जिसके बाद उनकी सहमति से अनशन खत्म हुआ। वांगचुक ने बताया कि कई सांसदों की अपील, सरकार के साथ कुछ मुद्दों पर सहमति और संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया। उनके सहयोगियों के अनुसार सरकार ने लिखित आश्वासन दिया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर कार्रवाई की समीक्षा होगी और पेपर लीक से जुड़े आत्महत्या के मामलों में प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने पर विचार किया जाएगा। उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अनशन समाप्त होने पर खुशी जताई, लेकिन स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच संसद मार्ग पर देर रात प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति भी बनी रही, जबकि सरकार और CJP के बीच आगे की बातचीत के लिए संविधान क्लब में बैठक प्रस्तावित की गई है।
27 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार से वार्ता का रास्ता खुला




