गाजियाबाद। चर्चित मोहित शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने डंपिंग ग्राउंड ले गई थी, जहां उसने झाड़ियों में छिपाया तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 20 दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि मोहित शर्मा को बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर घर से बुलाया गया और कहासुनी के बाद उस पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों पर विश्वास में लेकर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार




