गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस की कस्टडी से धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पिता-पुत्र बुधवार शाम मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों को धार जिले के पीथमपुर से गिरफ्तार कर सड़क मार्ग से गुरुग्राम ले जाया जा रहा था। रास्ते में गरोठ क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के दौरान पुलिसकर्मी वॉशरूम चले गए, तभी आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही गरोठ पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर दी, जिसके चलते आरोपी बारहमासी फंटे के पास खड़ावदा रोड पर पुलिस वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने वाहन बरामद कर लिया, लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए। थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र में कई वैकल्पिक रास्ते होने के कारण आरोपी भागने में सफल रहे। फिलहाल हरियाणा और गरोठ पुलिस की संयुक्त टीमें उनकी तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
गुरुग्राम पुलिस की कस्टडी से पिता-पुत्र फरार, पुलिस की गाड़ी लेकर हुए फरार




