फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी में छह माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति अमित को पुलिस ने सात दिन बाद वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, 25 जून को 25 वर्षीय नेहा की अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि घरेलू विवाद के दौरान अमित ने नेहा का सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी, जबकि पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पहले से मनमुटाव था और विवाद के दौरान अमित ने कथित तौर पर पहले गला दबाकर हत्या की, फिर घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी के पास रखा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतका के पिता की शिकायत पर 26 जून को हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गर्भवती पत्नी की हत्या कर भागा पति गिरफ्तार, वृंदावन से दबोचा गया आरोपी




