गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक और लूटी गई ज्वैलरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, कनावनी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया था, लेकिन वे भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव यादव उर्फ गोली और अमन यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने गाजियाबाद, नोएडा और एनसीआर के अन्य इलाकों में लूट, स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक सौरव के खिलाफ 36 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमन पर भी कई मामले दर्ज हैं। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस मुठभेड़ में दो स्नैचर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली




