नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बुधवार रात सेंट्रल नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 274 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की गई। एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक लगाना है। कार्रवाई के दौरान खुले में शराब पी रहे लोगों में अफरा-तफरी भी मच गई। बिसरख, सूरजपुर, ईकोटेक-3, फेज-2, सेक्टर-63 समेत सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त चेतावनी दी और स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नोएडा में खुलेआम शराब पीने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 274 लोग पकड़े गए




