फरीदाबाद। होटल में नकली नोट छापते पकड़े गए आईटी इंजीनियर विनायक झा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने सोशल मीडिया रील्स बनाने के लिए भारतीय मुद्रा जैसे दिखने वाले नकली नोट तैयार करने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंटरनेट से नोटों की डिजाइन और प्रिंटिंग की जानकारी जुटाई, दिल्ली के सदर बाजार से प्रिंटर, विशेष कागज और अन्य उपकरण खरीदे तथा सूरजकुंड के एक होटल के कमरे को अस्थायी प्रिंटिंग यूनिट बना लिया। शुरुआती दौर में उसने 500 रुपये के तीन और 100 रुपये के 10 नकली नोट तैयार किए थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब होटल का कमरा दो दिन तक बंद रहने पर प्रबंधन को संदेह हुआ और पुलिस ने कमरे से प्रिंटर, लैपटॉप, नकली नोट व अन्य सामान बरामद कर लिया। जांच में पुलिस ने कागज के सप्लायर की भी पहचान की है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। आरोपी के खिलाफ नकली मुद्रा तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दोष सिद्ध होने पर 10 साल तक की सजा हो सकती है।
रील्स के शौक ने IT इंजीनियर को पहुंचाया जेल, नकली नोट छापने का खुलासा




