गुरुग्राम। नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर ‘द क्लासिक मेनपावर एंड कंस्ट्रक्शन सर्विसेज’ एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। निगम के निरीक्षण में सामने आया कि एजेंसी जोन-6 में तय संख्या के अनुसार वाहन, चालक, हेल्पर और सुपरवाइजर तैनात करने में विफल रही। इसके बाद एजेंसी को नोटिस जारी कर तुरंत आवश्यक वाहन और स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तीन दिन के भीतर वाहन तैनाती की योजना, जीपीएस संबंधी जानकारी और 12 जून से कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड निगम को सौंपने के लिए कहा गया है। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी एजेंसियों को कार्यादेश की शर्तों का पूरी तरह पालन करना होगा। निगम प्रशासन का कहना है कि सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहरवासियों को बेहतर और समयबद्ध स्वच्छता सेवाएं मिल सकें।
कचरा उठाने में लापरवाही पर एजेंसी पर एक लाख का जुर्माना, निगम ने जारी किया नोटिस




