फरीदाबाद। सेक्टर-57 स्थित एक किराए के फ्लैट में 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार दोपहर फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर से युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर चुका था। पुलिस जांच में पता चला कि उसके साथ रहने वाला रूममेट 24 जून को पारिवारिक कारणों से अपने घर चला गया था, जबकि प्रदीप 26 जून को ड्यूटी से लौटने के बाद फ्लैट से बाहर नहीं निकला। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार दिन पुराना बताया गया है और शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की बात कही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किराए के फ्लैट में 4 दिन पुराना युवक का शव मिला, बदबू से हुआ मामले का खुलासा




