नई दिल्ली। डीएनडी फ्लाईओवर से एक युवक के यमुना नदी में छलांग लगाने की आशंका के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। मौके से युवक की स्कूटी, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जबकि उसकी पहचान प्रीत विहार निवासी अंकित शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है और बताया जा रहा है कि युवक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। सूचना मिलने के बाद राहत दलों ने नदी और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाश अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिला है। डीएनडी फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वीडियो में युवक अपनी स्कूटी के पास कुछ देर खड़ा दिखाई देता है, लेकिन अंधेरा होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उसने वास्तव में नदी में छलांग लगाई या उसके लापता होने के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
डीएनडी फ्लाईओवर से युवक लापता, यमुना में छलांग की आशंका, तलाश जारी




