नई दिल्ली। राजधानी के कालकाजी एक्सटेंशन स्थित आशा किरण अपार्टमेंट में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की 10वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बच्ची घर में सो रही थी और जागने के बाद मां को तलाशते हुए बालकनी तक पहुंच गई। इसी दौरान नीचे झांकते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गई। परिजन और पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखकर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने ऊंची इमारतों की बालकनियों में सुरक्षा जाली या ग्रिल अनिवार्य करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
10वीं मंजिल से गिरकर मासूम की मौत, अपार्टमेंट में पसरा मातम




