फरीदाबाद। मंगलवार देर शाम नशे की हालत में कार चला रहे एक युवक की कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार सोतई गांव निवासी जितेंद्र मारुति कार से घर लौट रहा था। नशे के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से उतरकर कच्चे रास्ते पर पहुंच गई, जहां तेज रफ्तार में पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार के आगे और पीछे के शीशे टूट गए। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार को सीधा किया और जितेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। युवक का उपचार कराया गया है और उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
नशे में कार चला रहे युवक की गाड़ी पेड़ से टकराकर पलटी, बाल-बाल बची जान




