फरीदाबाद। सोमवार सुबह एक स्टेडियम के बाहर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि सिर के पास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने सुबह युवक को जमीन पर पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर और बाएं हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल की परिस्थितियां मामले को संदिग्ध बना रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसके एक हाथ पर **”राजू”** नाम गुदा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर **”PR”** का निशान बना हुआ है। पुलिस ने आसपास के लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।




