फरीदाबाद। सेक्टर-14 मार्केट में मोमोज खाने गई दो बहनों के साथ स्कॉर्पियो सवार दो युवकों द्वारा कथित अश्लील हरकतें करने, अभद्र इशारे करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सेंट्रल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के अनुसार, 12 जून की रात BBA की छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ मार्केट गई थी, तभी सफेद स्कॉर्पियो में आए दो युवकों ने फ्लाइंग किस, अश्लील इशारे और गाड़ी में बैठने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने गालियां दीं और धमकी भी दी। बाद में वाहन नंबर HR-26 EY-1001 के आधार पर आरोपियों की पहचान निशांत और मोंटी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक घटना के समय शराब के नशे में थे। गिरफ्तार आरोपी निशांत गुरुग्राम के बसई गांव का निवासी है और आइस फैक्ट्री संचालित करता है, जबकि मोंटी एक सीमेंट कंपनी में एग्जीक्यूटिव है। मामले की जांच जारी है।
मोमोज खाने गई दो बहनों से अश्लील हरकत, स्कॉर्पियो सवार दो युवक गिरफ्तार




