गुरुग्राम। सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय धर्मपाल की मौत के बाद परिजनों और साथी कर्मचारियों ने मुआवजे की मांग को लेकर डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के बाहर प्रदर्शन किया। शनिवार रात सेक्टर-65 क्षेत्र में ऑर्डर डिलीवर करने जा रहे धर्मपाल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर कंपनी के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर पहुंचे और 15 लाख रुपये मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी ने 10 लाख रुपये बीमा और 5 लाख रुपये व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का दावा किया था, लेकिन केवल 25 हजार रुपये दिए गए। विरोध के बाद 3 लाख रुपये और दिए गए, फिर भी पूरा मुआवजा नहीं मिला। मृतक के भाई जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद धर्मपाल सड़क पर तड़प रहा था और अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिलीवरी बॉय की मौत पर बवाल, मुआवजे की मांग को लेकर डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर पर हंगामा




