गाजियाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के तलहेटा गांव में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर ट्रैक्टर मार्च निकालकर आसपास के गांवों में जनजागरण अभियान चलाया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पांचवें चरण में जेनुद्दीनपुर-तलहेटा गोल चक्कर पर पिछले छह माह से चल रहे धरने को मजबूत बनाने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा में किसानों ने ग्रामीणों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। किसानों का आरोप है कि एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली गई, लेकिन सुरक्षित आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। ट्रैक्टर यात्रा तलहेटा से शुरू होकर भटजन, पलोता, शकूरपुर, भूड़गढ़ी, मंढिया और तोड़ी समेत कई गांवों से होकर गुजरी। किसान नेता कुलदीप त्यागी ने कहा कि समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों ने बताया कि 15 से 18 जून तक हरिद्वार में चिंतन शिविर में भाग लेकर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। इसके बाद क्षेत्र में बड़ी किसान रैली और जरूरत पड़ने पर मोदीनगर तहसील का घेराव भी किया जाएगा।
मांगों के समर्थन में किसानों का ट्रैक्टर मार्च, आंदोलन तेज करने की चेतावनी




