नोएडा। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने फिल्म सिटी के पास चेकिंग के दौरान एक फॉर्च्यूनर कार से करीब 7.25 लाख रुपये कीमत की 3,600 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष वर्मा और कपिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार कार में 15 बोरों में रखी ओनेरेक्स 100 एमएल ब्रांड की कफ सिरप मिली, जिसमें कोडीन फॉस्फेट मौजूद है और इसका दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशीली कफ सिरप की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस को अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है और गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
फॉर्च्यूनर में भरकर लाई जा रही 3,600 नशीली कफ सिरप की शीशियां जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार




