गुरुग्राम। सेक्टर-89 स्थित ऐलान मॉल के सामने जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव नग्न अवस्था में मिला और अत्यधिक गर्मी के कारण उसमें तेजी से सड़न शुरू हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है और शव 3 से 4 दिन पुराना होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार शव के पास कोई कपड़ा नहीं मिला है, जिससे हत्या और दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा। महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों, कॉलोनियों और सोसायटियों में पूछताछ की जा रही है, वहीं विभिन्न थानों में दर्ज महिलाओं के गुमशुदगी और अपहरण के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया है। अधिकारियों का कहना है कि शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पॉश इलाके के सामने जंगल में महिला का सड़ा-गला शव मिला, हत्या और दुष्कर्म की आशंका




