गुरुग्राम। अशोक विहार इलाके में शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान आशा (45) और उनके बेटे प्रशांत (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को भी आरोपी ने गोली मार दी। घटना के बाद गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो मां-बेटे के शव खून से लथपथ पड़े मिले, जबकि आरोपी अनिल वहीं मौजूद था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अनिल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है, जबकि उसकी पत्नी एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे और आरोपी को पत्नी पर शक था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पत्नी पर शक बना खूनी वारदात की वजह! बेटे समेत दो की गोली मारकर हत्या




