नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे ‘बी एंड बी’ होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 विदेशी और 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं। होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन इसमें 5 मंजिलों पर 25 से अधिक कमरे बनाए गए थे और इसके पास वैध फायर एनओसी भी नहीं थी। आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी और कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं, जबकि बचाव अभियान के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए। प्रारंभिक जांच में बंद खिड़कियां, खराब वेंटिलेशन और सेंसर आधारित मुख्य गेट के बंद हो जाने को बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। हादसे में गुरुग्राम के सीए विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी एवं पूर्व मिसेज इंडिया तर्जनी अग्रवाल सहित उनके परिवार के कई सदस्यों की भी मौत हो गई। आग लगने के कारणों की जांच जारी है और मृतकों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 की मौत, बिना फायर NOC चल रहा था होटल; मालिक गिरफ्तार




