नोएडा। शेयर बाजार में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक निजी कंपनी के सेवानिवृत्त प्रबंधक से 47 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। ग्रेटर नोएडा की एटीएस डोल्से सोसाइटी निवासी 56 वर्षीय रूपम गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल को उनके व्हाट्सऐप पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा एक मैसेज आया, जिसमें निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया। खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया, जहां 244 से अधिक सदस्य निवेश और मुनाफे की जानकारी साझा कर रहे थे। भरोसा होने पर रूपम गुप्ता ने अलग-अलग किश्तों में कुल 47.90 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद उनके खाते में निवेश की रकम तीन गुना दिखाई देने लगी, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर और रकम जमा करने की मांग शुरू कर दी। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 47.90 लाख की साइबर ठगी




