छतरपुर। शहर में एक स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ओरछा रोड थाना क्षेत्र में घर के बंद कमरे से राजेश अग्रवाल का शव बरामद हुआ। शव जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ा था और नाक से खून बह रहा था। मौके पर लैपटॉप चालू हालत में मिला, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइटें खुली थीं। पुलिस के अनुसार राजेश पिछले दो दिनों से कमरे में बंद थे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। जांच में पता चला कि मृतक शेयर कारोबार और MCX ट्रेडिंग से जुड़ा था। मौके से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। मृतक की 90 वर्षीय मां ने बताया कि वह मंगलवार रात कमरे में गया था और उसके बाद बाहर नहीं निकला। पुलिस ने बताया कि कमरे में एसी चल रहा था और मौत करीब 24 घंटे पहले होने की आशंका है। घटनास्थल से सल्फास की गोलियों की डिब्बी भी मिली है, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल FSL जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बंद कमरे में स्टॉक मार्केट ट्रेडर का शव मिला, लैपटॉप पर खुला था MCX पोर्टल




