गाजियाबाद। ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने मुरादनगर निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह से 85 लाख 38 हजार रुपये की ठगी कर ली। शैलेंद्र को यूट्यूब पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद कुछ लोगों ने उनसे संपर्क कर खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट और SEBI से जुड़ा बताया। ठगों ने फर्जी लाइसेंस और दस्तावेज दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया तथा उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। इसके बाद AI स्टॉक, ब्लॉक डील, IPO और FPO में निवेश के नाम पर रकम लगवानी शुरू की गई। शुरुआत में ऐप पर अच्छा मुनाफा दिखाकर विश्वास बढ़ाया गया, फिर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। कुल 85.38 लाख रुपये जमा कराने के बाद जब शैलेंद्र को संदेह हुआ और उन्होंने जांच कराई तो पूरा मामला फर्जी निकला। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना गाजियाबाद में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप चैट और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 85 लाख की साइबर ठगी




