गुरुग्राम। Gurugram में शुक्रवार रात बड़े बिजली संकट के चलते रैपिड मेट्रो बीच रास्ते रुक गई, जिसके बाद यात्रियों को ट्रैक पर पैदल चलकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री अंधेरे में रेलिंग पकड़कर चलते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग मोबाइल की टॉर्च जलाकर ट्रैक पर आगे बढ़े। जानकारी के अनुसार सेक्टर-72 स्थित 220 केवीए सब-स्टेशन का मुख्य ट्रांसफॉर्मर फुंकने से शहर के कई हिस्सों में ब्लैकआउट हो गया। इससे सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति क्षेत्र के बिजलीघरों की सप्लाई ठप हो गई। बिजली कटने से रैपिड मेट्रो सेवा भी करीब एक घंटे तक प्रभावित रही और रात करीब 9 बजे ट्रेनें जहां थीं वहीं रुक गईं। डीएलएफ स्टेशन के पास फंसे यात्रियों को बाद में ट्रैक के रास्ते पैदल निकाला गया। ब्लैकआउट के कारण शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल भी बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी आई है और उसे बदलने या ठीक करने में 8 से 10 घंटे लग सकते हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के पीआरओ संदीप चुघ ने बताया कि वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
ब्लैकआउट से बीच रास्ते रुकी रैपिड मेट्रो, ट्रैक पर पैदल चले यात्री




