गुरुग्राम। Gurugram साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी कंपनियां बनाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को सेक्टर-44 से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, 2800 रुपये नकद, एक मोहर और कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश झा, हिमांशु कुमार और जितेंद्र दहिया उर्फ आशू के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर अलग-अलग बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाते थे और साइबर ठगी से आए पैसों को इन खातों में जमा कर दूसरी जगह ट्रांसफर करते थे, ताकि रकम को सफेद किया जा सके। जांच में खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लंबे समय से इस नेटवर्क में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक इनके खिलाफ कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और पंजाब समेत कई राज्यों में साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। तीनों आरोपी 12वीं तक पढ़े हैं और उनकी उम्र 26 से 29 वर्ष के बीच है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
फर्जी कंपनियां बनाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार




