उज्जैन। Ujjain जिले में बदमाशों द्वारा डीजे ऑपरेटर की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामला भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के पिपलियाहाना गांव का है, जहां 29 वर्षीय संदीप कुमावत को 6-7 बदमाशों ने खेत में घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। वायरल 26 सेकंड के वीडियो में युवक पर 50 से 60 बार वार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक घटना 11 मई की है और रुपए के लेनदेन व पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित संदीप ने बताया कि आरोपियों लखन, रूपेश, बंटी, कुलदीप, धर्मेंद्र और अर्जुन ने भैरू महाराज मंदिर के पास उसे रोककर शराब पीने के लिए 5 हजार रुपए मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर उसकी पिटाई की गई। मारपीट में घायल संदीप करीब पांच दिन अस्पताल में भर्ती रहा। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना को लेकर कांग्रेस नेता हेमंत सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि ‘ढाबा गैंग’ नाम से सक्रिय युवक इलाके में हफ्तावसूली और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
डीजे ऑपरेटर को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल होने पर 4 आरोपी हिरासत में




