कोलकाता। IPL 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को 29 रन से हरा दिया। ईडन गार्डन्स में खेले गए हाई स्कोरिंग मैच में KKR ने 247/2 का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 218/4 रन ही बना सकी। इस मैच में कोलकाता के बल्लेबाजों ने कुल 22 छक्के लगाए, जबकि गुजरात के साई सुदर्शन सबसे तेज 3000 टी-20 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सिर्फ 78 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर शॉन मार्श का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सुदर्शन लगातार चौथी बार 50+ स्कोर बनाने वाले गुजरात के पहले बल्लेबाज भी बने। कप्तान शुभमन गिल ने भी लगातार दूसरे सीजन में 500+ रन पूरे किए और KKR के खिलाफ लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई। वहीं कोलकाता की ओर से फिन एलन ने 93 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए 10 छक्के लगाए, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 82 रन बनाए। दोनों के बीच बड़ी साझेदारी ने टीम को तीसरे सबसे बड़े IPL स्कोर तक पहुंचाया। KKR की यह गुजरात के खिलाफ छह मैचों में दूसरी जीत और ईडन गार्डन्स में पहली जीत रही। गुजरात की लगातार पांच मैचों की जीत का सिलसिला भी टूट गया। मैच में राशिद खान ने IPL का सबसे महंगा स्पेल डालते हुए 4 ओवर में 57 रन दिए, जबकि मोहम्मद सिराज ने अपने टी-20 करियर के 200 विकेट पूरे किए।
कोलकाता ने गुजरात को 29 रन से हराया, सुदर्शन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड




