फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के सेक्टर-37 कट स्थित आगरा नहर पर बुधवार को घरेलू विवाद के बाद एक युवक के नहर में कूदने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय सुधांशु घर में हुए झगड़े के बाद अपनी गर्भवती पत्नी को साथ लेकर नहर पहुंचा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी पत्नी को समय रहते पकड़ लिया, जबकि युवक अचानक नहर में छलांग लगा गया। घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें युवक की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार के अनुसार सुधांशु कुछ समय से बेरोजगार था, जिस कारण घर में तनाव बना रहता था। बुधवार दोपहर मां से काम और घर का खर्च उठाने को लेकर उसकी बहस हुई थी, जिसके बाद वह पत्नी के साथ घर से निकल गया। परिजनों का कहना है कि जाते समय वह जान देने की बात कह रहा था। पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश के लिए कई टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और मामले की जांच की जा रही है।
घरेलू विवाद के बाद युवक ने आगरा नहर में लगाई छलांग, गर्भवती पत्नी बचाई गई




