नई दिल्ली। NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर कोर्ट की निगरानी में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है। संगठन ने NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी पर छात्रों का भरोसा टूट चुका है और इसकी मौजूदा गवर्निंग बॉडी का पुनर्गठन होना चाहिए। इस बीच मामले की जांच कर रही CBI ने महाराष्ट्र के नासिक से आरोपी शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है, जबकि राजस्थान SOG ने गुरुग्राम से BAMS प्रथम वर्ष के छात्र को पकड़ा है। जांच में सामने आया है कि कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ के जरिए पेपर लीक किया गया, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से अधिक सवाल थे और उनमें से करीब 150 सवाल परीक्षा में हूबहू आए। यह क्वेश्चन बैंक पहले केरल से राजस्थान के सीकर पहुंचा और फिर अलग-अलग छात्रों व कोचिंग नेटवर्क में फैलता गया। NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द करते हुए गड़बड़ी स्वीकार की थी और कहा था कि जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी। पूरे मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच एजेंसियां डिजिटल लेन-देन, कॉल रिकॉर्ड और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पड़ताल कर रही हैं। विपक्षी नेताओं ने भी मामले को लेकर केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
NEET UG 2026 पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा FAIMA, दोबारा परीक्षा की मांग तेज




