गाजियाबाद। कैश वैन से 27 लाख रुपए लूटने वाले दो इनामी बदमाश समीर और जुबैर को मंगलवार रात वेव सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था और जुबैर को इस लूटकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ के दौरान समीर और जुबैर मारे गए, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूट के 9 लाख 10 हजार रुपए, दो पिस्टल, दो तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। यह गैंग 6 मई को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एटीएम में कैश डालने पहुंची वैन को लूटकर 27 लाख रुपए लेकर फरार हो गया था। बदमाशों ने सबूत मिटाने के लिए वैन में लगे सीसीटीवी और डीवीआर भी तोड़ दिए थे। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।
27 लाख कैश वैन लूटकांड के दो इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर




