दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन ही बना सकी। जवाब में कोलकाता ने 14.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर फिन एलन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाने के साथ अपना शतक भी पूरा किया। कैमरन ग्रीन 33 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। कोलकाता ने 31 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन एलन और ग्रीन ने मैच पूरी तरह पलट दिया। दिल्ली की ओर से पाथुम निसांका ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने 39 और केएल राहुल ने 23 रन का योगदान दिया। कोलकाता के लिए अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को 1-1 सफलता मिली। इस हार के बाद दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं, जबकि कोलकाता की उम्मीदें अभी बरकरार हैं।
कोलकाता ने दिल्ली को 8 विकेट से हराया, फिन एलन के तूफानी शतक से लगातार चौथी जीत




