जबलपुर। बरगी बांध क्रूज हादसे में घायल नेपाल के एक परिवार से इलाज के नाम पर पैसे वसूलने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए नोबल मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल का लाइसेंस एक माह के लिए निलंबित कर दिया है, जबकि दूसरे अस्पताल की भूमिका की जांच जारी है। हादसे के बाद घायल लोग इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिल थमा दिए गए। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की और पाया कि आपदा की स्थिति में मरीजों से शुल्क लेना आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 का उल्लंघन है। सीएमएचओ ने अस्पताल को निर्देश दिए हैं कि वर्तमान मरीजों का इलाज जारी रखें, लेकिन एक महीने तक नए मरीज भर्ती न किए जाएं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उनके पास भारतीय मुद्रा न होने और पैसे भीग जाने के बावजूद उनसे जबरन भुगतान कराया गया। मामले के तूल पकड़ने के बाद अस्पताल संचालक ने पैसे लौटाकर माफी भी मांगी। वहीं, अन्य अस्पताल द्वारा भी इलाज के नाम पर पैसे लेने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। इस बीच हादसे को लेकर यह भी सामने आया है कि क्रूज में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और घटना के समय चालक मौके से भाग गया था, जिससे लापरवाही के गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
क्रूज हादसे के बाद घायलों से वसूली भारी पड़ी: नोबल अस्पताल का लाइसेंस निलंबित




