भोपाल। भोपाल के बैरसिया रोड इलाके में टाइगर के लगातार मूवमेंट से 7 गांवों के लोग दहशत में हैं। पिछले 10 दिनों में टाइगर 5 गाय और भैंसों का शिकार कर चुका है। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में खेतों और मुख्य रास्तों से आना-जाना बंद कर दिया है। लोग अब 5 से 6 किलोमीटर घूमकर दूसरे रास्तों से आवाजाही कर रहे हैं। कनेरा गांव के साथ करोंदखुर्द, कड़ैया, छापर, अगरिया, मुगालिया कोट और चांचड़ गांव में भी टाइगर दिखाई देने की सूचना है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने बताया कि हलाली नदी के किनारे लगातार टाइगर का मूवमेंट देखा जा रहा है। करीब 10 दिन पहले सबसे पहले कनेरा गांव में टाइगर नजर आया था। गुरुवार-शुक्रवार की रात उसने एक और गाय का शिकार कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि टाइगर रात में ही हमला कर रहा है, जिससे किसानों ने रात में खेतों में जाना बंद कर दिया है। वन विभाग को सूचना देने के बाद टीम ने सर्चिंग भी की, लेकिन अब तक टाइगर का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों के अनुसार, टाइगर पहाड़ी और नदी किनारे के रास्तों से गांव तक पहुंच रहा है और गांव के बाहर बंधे मवेशियों को निशाना बना रहा है।
बैरसिया रोड के 7 गांवों में टाइगर का आतंक, 10 दिन में 5 मवेशियों का शिकार




