ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी गांव में नवविवाहिता मोनिका की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मेरठ निवासी मोनिका की मां रेनू नागर का कहना है कि गुरुवार दोपहर करीब 2:50 बजे बेटी का फोन आया था। वह रोते हुए कह रही थी कि पति और ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं और प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं। कुछ देर बाद फोन कट गया। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने सबूत मिटाने के लिए शव को फॉर्च्युनर गाड़ी में ले जाकर बोडाकी मेट्रो स्टेशन के पीछे जलाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने जलती चिता से शव बाहर निकालकर आग बुझाई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष के अनुसार, मोनिका ने 17 फरवरी को अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी। मोनिका के नाम दुजाना और बरौला गांव में करीब 5 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी बताई जा रही है। आरोप है कि इसी प्रॉपर्टी को लेकर ससुराल वाले उस पर दबाव बना रहे थे। रेनू नागर के रिश्तेदार विवेक चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने पीछा करने पर गाड़ी से टक्कर मारने की भी कोशिश की। एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
ग्रेटर नोएडा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने प्रॉपर्टी के लिए हत्या का लगाया आरोप




