गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर इलाके में 29 अप्रैल को हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान आरोपी आनंद कुमार अपने साथी के साथ बाइक पर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी घिरने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ चोरी की नीयत से घर में घुसा था, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से 82 वर्षीय रमेश चंद्र शर्मा की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी मृतक का पड़ोसी है और उसकी पत्नी घर में काम करती थी। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। पहले इस हत्या को रंजिश का मामला माना जा रहा था, लेकिन अब जांच में लूट और पहचान छिपाने का एंगल सामने आया है।
लोनी बॉर्डर मर्डर केस का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल




