इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अदालत ने आरोपी राज कुशवाहा की जमानत याचिका खारिज कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी सोनम को पहले ही जमानत मिल चुकी है और वह फिलहाल एक होटल में ठहरी हुई है। सोनम को मिली राहत के बाद अन्य आरोपी विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत ने भी जमानत के लिए आवेदन दे दिया है। राज के वकील के अनुसार अदालत ने याचिका तकनीकी कारणों से खारिज की, क्योंकि उसमें पिछली जमानत अर्जी और आपराधिक रिकॉर्ड का पूरा विवरण नहीं दिया गया था। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि जमानत मांगने वाले को अपना पूरा आपराधिक इतिहास बताना जरूरी है, अन्यथा याचिका खारिज की जा सकती है। बचाव पक्ष ने लंबे समय से जेल में बंद रहने को आधार बनाकर राहत की मांग की, लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया। वहीं पुलिस सोनम की जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी में है और जांच अभी भी जारी है, जो पिछले 10 महीनों से विशेष जांच दल द्वारा की जा रही है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा मोड़: राज की जमानत खारिज, अन्य आरोपियों ने भी खटखटाया कोर्ट का दरवाजा




