फरीदाबाद। जिले के सिरोही-बीजोपुर रोड पर स्कॉर्पियो से युवक को टक्कर मारकर हत्या का प्रयास करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 और धौज थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गांव सिरोही निवासी साद्दीक उर्फ शहबाज और धौज निवासी वसीम के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। इसके बाद वसीम ने अपने परिजनों को बुलाया, जिनमें उसका भतीजा तहसीम और अन्य लोग स्कॉर्पियो व मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तहसीम ने जान से मारने की नीयत से स्कॉर्पियो से साद्दीक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर की वजह से पास के एक मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में घटना आपसी विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
स्कॉर्पियो से युवक को कुचलने की कोशिश, हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार




