नई दिल्ली। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि एक युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, जीरकपुर से पटियाला की ओर जा रहे ट्रक ने बस को टक्कर मारी, जिसके बाद ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए और कुछ बस के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के कारण बस करीब दो घंटे तक सड़क के बीचों-बीच पड़ी रही, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मोहाली में निजी बस पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल; युवक बस के नीचे दबा




