ग्रेटर नोएडा। बिसरख पुलिस ने कॉल सेंटर के जरिए अधिक लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजनारा ली गार्डन सोसाइटी के एक फ्लैट पर छापेमारी कर गाजियाबाद निवासी सागर चौहान और मथुरा निवासी कुलदीप को दबोचा। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक नोटबुक बरामद हुई है, जिनका इस्तेमाल ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी Loan112 ऐप के माध्यम से लोगों का पंजीकरण कर उन्हें अधिक लोन दिलाने का लालच देते थे और भरोसा जीतने के लिए फर्जी लोन अप्रूवल लेटर भेजते थे। इसके बाद पहले से लिए गए लोन को बंद कराने के नाम पर पीड़ितों से रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न लोन ऐप से लोगों का डेटा हासिल कर उन्हें निशाना बनाते थे और वारदात के बाद इस्तेमाल किए गए मोबाइल व सिम कार्ड नष्ट कर देते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य फर्जी बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराता था तथा कमीशन काटने के बाद नकद रकम आरोपियों तक पहुंचाता था। वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता था। पुलिस इस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
फर्जी लोन अप्रूवल लेटर भेजकर ठगी करने वाले दो साइबर जालसाज गिरफ्तार




