गाजियाबाद। गुरुवार को हुई तेज बारिश ने जिले में तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान ले ली। मसूरी क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर ढबारसी गांव में 9 वर्षीय मोहम्मद शाद की रास्ते के किनारे जलभराव वाले प्लॉट में गिरने से डूबकर मौत हो गई। बताया गया कि गांव के मुख्य नाले पर अतिक्रमण होने के कारण बारिश और गंदे पानी की निकासी बाधित हो गई थी, जिससे आसपास की खाली प्लॉटिंग में पानी भर गया। इसी जलभराव के बीच रास्ते से गुजरते समय बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं विजयनगर क्षेत्र में बारिश के पानी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि इंदिरापुरम में बिजली के पोल में करंट उतरने से एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने नालों और तालाबों पर अतिक्रमण तथा समय पर सफाई नहीं होने को हादसों की बड़ी वजह बताया। मसूरी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि बच्चे की डूबने से मौत हुई है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बारिश बनी काल, जलभराव में डूबे मासूम समेत तीन लोगों की गई जान




