गुरुग्राम। मुशदपुर-खुरमपुर गांव के पास स्थित ओम साईंराम इंडस्ट्री में शनिवार-रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को रात करीब 1:40 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए पटौदी, मानेसर, भीमनगर, सेक्टर-37 और सेक्टर-29 समेत छह फायर स्टेशनों से कुल 8 फायर टेंडर बुलाए गए। दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, क्योंकि रात के समय फैक्ट्री में श्रमिक मौजूद नहीं थे। आग में फैक्ट्री का कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनें जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। आग बुझने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा और प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक से सुरक्षा मानकों व एनओसी से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं।
गुरुग्राम की फैक्ट्री में भीषण आग, 8 फायर टेंडर कई घंटों से जुटे बुझाने में




