गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके से लापता हुई दो मासूम बच्चियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। घटना 1 जून की शाम की है, जब दोनों बच्चियां अचानक घर से गायब हो गई थीं। परिजनों को पता चला कि एक ऑटो चालक उन्हें अपने साथ ले गया है। देर रात तक बच्चियों के वापस न लौटने और चालक का मोबाइल बंद मिलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसीपी कोतवाली उपासना पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर और कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाकर दोनों बच्चियों को उसी रात सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक उन्हें घुमाने के लिए ले गया था। बच्चियों से पूछताछ में किसी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
गाजियाबाद में लापता दो बच्चियां कुछ घंटों में सकुशल बरामद, ऑटो चालक हिरासत में




