ग्रेटर नोएडा। शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एमबीए की छात्रा चांदनी कुमारी गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनके सहपाठी चंदन बरनवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जीएल बजाज कॉलेज से एमबीए सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। बीटा-2 क्षेत्र के एक गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चांदनी की मौत हो गई। चंदन का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एमबीए छात्रा की सड़क हादसे में मौत, सहपाठी गंभीर घायल




