गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोशन उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रामपार्क इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 26 मई को रामपार्क निवासी रूप चौधरी पैसों के लेन-देन को लेकर रोशन के घर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर रोशन ने गुस्से में आकर रूप चौधरी के पेट में चाकू मार दिया और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। शिकायत के आधार पर ट्रोनिका सिटी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने 29 मई को रामपार्क चौकी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चार पहिया वाहन चलाता है और पैसों के विवाद में गुस्से में आकर उसने हमला किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पैसों के विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार




