नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर आशु ढेढा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 12 दोपहिया वाहन, जिनमें 10 मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेसिस शामिल है, बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार को बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद एक बाइक दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में रेकी कर वाहन चोरी करता था और बाद में उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर कबाड़ियों या राहगीरों को बेच देता था। चोरी से मिली रकम वह अपने शौक और मौज-मस्ती पर खर्च करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘यक्ष ऐप’ और ‘गाण्डीव पोर्टल’ पर भी दर्ज है।
अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, 12 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद




