फरीदाबाद। सेक्टर-3 में एक महिला से दोस्ती को लेकर पैदा हुए शक ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी शक में 27 वर्षीय निपुन पटेल को घेरकर चाकू और डंडों से बेरहमी से पीटा गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मेंद्र और मनीष के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी आशीष की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मंदिर के पास घेरकर किया हमला
क्राइम एसीपी अमन यादव के अनुसार, घटना 7 सितंबर की है। निपुन पटेल सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मंदिर के पास दो युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू व डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में निपुन गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
महिला से संबंध और दोस्ती के शक ने रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि डबुआ निवासी धर्मेंद्र के एक महिला से संबंध थे। कुछ समय पहले महिला डबुआ छोड़कर सेक्टर-3 में रहने लगी थी। पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र को शक था कि इसी दौरान महिला की निपुन पटेल से दोस्ती हो गई है।
इसी शक के चलते धर्मेंद्र ने कथित तौर पर निपुन को सबक सिखाने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि उसने अपने परिचित मनीष और आशीष को हमले के लिए तैयार किया।
आरोपी मौके पर मौजूद था
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को मनीष और आशीष ने वाल्मीकि मंदिर के पास निपुन को घेर लिया और उस पर चाकू व डंडों से हमला कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि धर्मेंद्र वारदात के दौरान घटनास्थल के आसपास मौजूद था।
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हमले की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। वहीं, फरार आरोपी आशीष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
आरोपियों की कराई गई घटनास्थल की निशानदेही
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों का मुंडन कराने के बाद उन्हें वारदात वाली जगह पर ले जाकर कार्रवाई की। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपितों को घटनास्थल की निशानदेही कराने के लिए वहां ले जाया गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
– अमन यादव, एसीपी क्राइम




